The Voice of Bareilly since 2010

राष्ट्रीय कवि संगम का नाथ नगरी में कवि सम्मेलन: प्रियंका जोशी को विशेष सम्मान

Bareillylive : राष्ट्रीय कवि संगम एवं राकेश लोक चेतना संस्था के तत्वावधान में बदायूं रोड स्थित जितेंद्र अग्रवाल के संस्थान पर रविवार को एक भव्य कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नैनीताल से पधारी प्रसिद्ध कवयित्री प्रियंका जोशी को उनकी उत्कृष्ट काव्य सृजन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति, सनातन संस्कृति और सामाजिक जागरण पर आधारित भावपूर्ण कविताओं ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिंदू जागरण मंच के प्रांत संगठन मंत्री नरेंद्र जी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पंतनगर से स्वयं सुरक्षा अभियान के अध्यक्ष रजनीश पांडे एवं महानगर प्रचारक मयंक साधु उपस्थित हुए। अध्यक्षता नगर संघ चालक डॉ. राजीव सक्सेना ने की। कुशल संचालन रोहित राकेश ने किया, जिनकी सहज शैली ने सम्पूर्ण आयोजन को जीवंत बना दिया।

कवि सम्मेलन में विश्वजीत निर्भय, कमलकांत श्रीवास्तव, वंदना शरद, प्रेमलता ‘रोली’, देशपाल सिंह, नितेश कपूर एवं राम कुमार कोहली आदि ने अपनी रचनाओं का भावपूर्ण पाठ किया।

वंदना शरद ने स्वतंत्रता के प्रति समर्पण व्यक्त करते हुए कहा, “स्वतंत्रता के हवन कुंड में एक चिंगारी लाई हूं।”

रोहित राकेश ने वतन की मजबूत बुनियाद पर जोर देते हुए कहा, “कभी न हिले वो बुनियाद चाहिए, वतन हमेशा ही आबाद चाहिए।”

नैनीताल की कवयित्री प्रियंका जोशी ने वीर जवानों को प्रेरित करते हुए कहा, “वीर जवानों जाग उठो तुमको बढ़ते जाना है, भारत मां के सपूतों मां का कर्ज चुकाना है।”

वहीं, विश्वजीत निर्भय ने सनातन धर्म की अटलता पर गर्व व्यक्त किया, “सनातन को मिटा सके ऐसा किसी में दम नहीं है, किसी भी युग में झुका इसका परचम नहीं है।”

कार्यक्रम में गंगा समग्र के अखिलेश सिंह, दुर्गेश गुप्ता, रवि गट्टू, मल अग्रवाल, अंकुर किशोर सक्सेना, अंकित अग्रवाल, डॉ. मधु गुप्ता, अशोक उप्रेती, श्याम मिठवानी, शैलेंद्र मूलचंदानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में आयोजक जितेंद्र अग्रवाल ने सभी अतिथियों, कवियों एवं श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन स्थानीय साहित्य प्रेमियों के बीच उत्साह का संचार कर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!