बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में मंगलवार 7 अप्रैल 2026 दोपहर करीब एक बजे नगर निगम की टीम ने सीएम ग्रिड योजना (मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम) के दूसरे चरण के तहत बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप से लेकर धर्मकांटा चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण के लिए चलाए गए इस अभियान में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चला।
शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में खलबली फैल गई।नगर निगम ने जिन दुकानों को पहले ही चिन्हित कर लाल निशान लगाए थे, वहां कुछ दुकानदारों ने निशान मिटा दिए थे। इसे गंभीरता से लेते हुए निगम ने सबसे पहले इन्हीं दुकानों को निशाना बनाया और दो बुलडोजरों से ध्वस्तीकरण कर दिया। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि सरकारी निशान से छेड़छाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम ग्रीन रोड योजना के तहत बड़ी कार्रवाई के दूसरे चरण में इस अभियान को अंजाम दिया जा रहा है। करीब 50 से 55 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। कोहाड़ापीर से कुदेशिया मार्ग और धर्मकांटा से कोहाड़ापीर तक सड़क चौड़ीकरण के लिए यह अभियान चलाया जाएगा।
मंगलवार को मजार के पास अवैध दुकानों को गिराकर इस कार्रवाई की शुरुआत कर दी गई। पुलिस की मौजूदगी में चला अभियान ध्वस्तीकरण के दौरान किसी तरह का विरोध न हो, इसके लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से कराई गई।






Leave a Reply