Bareillylive : इनकम टैक्स बार एसोसिएशन (आईटीबीए) की वर्ष 2025-26 की 42वीं वार्षिक आम सभा शुक्रवार को बरेली क्लब में आयोजित की गई। कार्यक्रम में एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष एडवोकेट राजा चावला ने बार के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया तथा अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
आम सभा के दौरान वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का चयन किया गया। सर्वसम्मति से सीए अतुल अग्रवाल को अध्यक्ष, सीए रोहन गर्ग को सचिव, एडवोकेट मुकेश कुमार मिश्रा को उपाध्यक्ष, सीए सुधीर कुमार मेहरोत्रा को संयुक्त सचिव तथा सीए वैभव चावला को कोषाध्यक्ष चुना गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा के बाद निवर्तमान अध्यक्ष एडवोकेट राजा चावला ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नई कार्यकारिणी को कार्यभार सौंपा और विश्वास जताया कि नई टीम संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीए अतुल अग्रवाल ने कहा कि संस्था सदस्यों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि कर पेशेवरों से जुड़े मुद्दों को संबंधित मंचों तथा केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
सचिव निर्वाचित सीए रोहन गर्ग ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संगठन की एकता और मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग से संस्था को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा पेशेवर हितों के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में सीए रतन कुमार गुप्ता, एडवोकेट राकेश कुमार, सीए रविंद्र कुमार अग्रवाल, सीए विजय गोयल, एडवोकेट केपी सिंह, सीए रमन कुमार बजाज, सीए अखिल रस्तोगी, सीए मयंक गुप्ता, एडवोकेट दीपक गोयल, सीए शैलेन्द्र कुमार माहेश्वरी सहित अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। सभा का समापन संगठन की प्रगति और सदस्य हितों के प्रति प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।






Leave a Reply