The Voice of Bareilly since 2010

एसएसपी बरेली ने उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस कर्मियों को किया सम्मानित

बहेड़ी, पुलिसकर्मी सम्मानित, Bareillypolice, Bareillynews, bareilly.,

बरेली। जनपद में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बरेली द्वारा लागू की गई मासिक मूल्यांकन प्रणाली के तहत मई 2026 माह के कार्यों की समीक्षा की गई। इस मूल्यांकन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस क्षेत्रों, सर्किलों और थानों को प्रशस्ति-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं को आधार बनाया गया। इनमें जनसुनवाई, आईजीआरएस शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी, विवेचनाओं का निस्तारण, सीसीटीएनएस एवं सीईआईआर कार्यों की प्रगति, साइबर हेल्पडेस्क की उपलब्धियां, एनडीपीएस एवं गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत की गई कार्रवाई, मोटर वाहन अधिनियम का प्रभावी प्रवर्तन तथा थाना परिसर के रख-रखाव जैसे मानकों को शामिल किया गया।

जनपद के 29 थानों, 9 सर्किलों और तीनों पुलिस क्षेत्रों के प्रदर्शन का तुलनात्मक मूल्यांकन किया गया। इस दौरान उत्तरी क्षेत्र ने 1799 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर सर्वश्रेष्ठ पुलिस क्षेत्र का गौरव हासिल किया। वहीं सर्किल बहेड़ी ने 3260 अंक अर्जित कर जनपद का सर्वश्रेष्ठ सर्किल बनने का सम्मान प्राप्त किया।

थाना स्तर पर थाना बहेड़ी ने 4853 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा थाना शीशगढ़ (4796 अंक), थाना बारादरी (3315 अंक), थाना देवरनियां (2814 अंक) और थाना शाही (2738 अंक) को भी उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान एसएसपी बरेली ने सभी विजेता अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी जनसेवा, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह मूल्यांकन प्रणाली पुलिस विभाग में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। इसके सकारात्मक परिणामों से पुलिस कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार हो रहा है और आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!