Bareillylive : दिल्ली में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के मृतक-पिड़ितों को न्याय दिलाने और बरेली जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग करते हुए राम राज्य दल के कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी बरेली के माध्यम से सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि दिल्ली हादसे में अनेक लोग मृत और कई गंभीर रूप से घायल हुए, जो अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही के गंभीर परिणाम हैं। मामले के प्रति निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर देते हुए मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बरेली जनपद में भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए व्यापक अग्नि सुरक्षा उपाय लागू करने का अनुरोध किया गया है। इसके अंतर्गत जिले के सभी अस्पतालों, स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, मॉल, होटलों, विवाह मंडपों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट कराना और जिन संस्थानों के पास वैध फायर एनओसी नहीं हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग शामिल है। बहुमंजिला इमारतों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, बाजारों और आवासीय कॉलोनियों में नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने तथा जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया है।
ज्ञापन में अग्निशमन विभाग के संसाधनों, वाहनों और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्यों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने का भी आग्रह किया गया है। साथ ही भवन निर्माण स्वीकृति के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराना आवश्यक बताया गया है ताकि निर्माण के समय ही सुरक्षा नियमों को लागू किया जा सके।
ज्ञापन देने के दौरान राष्ट्रीय महासचिव एवं अखिल भारतीय राजार्य सभा के बरेली शहर से प्रत्याशी डॉ. रामकुमार आर्य ने कहा कि जनहित और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सरकार और प्रशासन को इन मांगों पर शीघ्र और ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुखद अग्नि दुर्घटना को रोका जा सके। ज्ञापन सौंपते समय राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. डी.सी. शर्मा के साथ समाजसेवी ब्रह्मप्रकाश सिंह भदौरिया, अंतरराष्ट्रीय रंगकर्मी अखिलेश शर्मा, समाजसेवी उत्कर्ष शर्मा, अर्पित सक्सेना, आभा सिंह, विनीता तिवारी, अर्चना सक्सेना आभा तथा अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






Leave a Reply