The Voice of Bareilly since 2010

श्रीहरि मंदिर में चल रही सात दिवसीय कथा का विश्राम, 11 से 17 जून गौ भागवत कथा का ऐलान

Bareillylive : मॉडल टाउन स्थित श्री हरि मंदिर में सात दिवसीय श्री राम कथा का समापन समारोह रविवार को हुआ। कथा व्यास पंडित बृजेश पाठक ने अंतिम दिन प्रवचन में गुरु-शिष्य और भगवान के संबंध पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में गुरुदेव का विशेष स्थान है क्योंकि वे शिष्य को ईश्वर के निकट ले जाते हैं। पंडित पाठक ने स्पष्ट किया कि गुरु और भक्त के बीच दीवार नहीं, बल्कि द्वार होना चाहिए; यदि कोई गुरु स्वयं को भगवान के स्थान पर स्थापित कर शिष्य की भक्ति को अपने चरणों में खींचने का प्रयास करे तो विवेकशील शिष्य को ऐसे गुरु का त्याग कर देना चाहिए।

कथा व्यास ने श्रीमद्भागवत से उदाहरण देते हुए बताया कि राजा बलि ने गुरुदेव शुक्राचार्य को चेतावनी दी थी कि यदि वे भक्तों को भगवान से विमुख कर देंगे तो उनका सम्मान नहीं किया जाएगा। पंडित पाठक ने कहा कि जीवन में गुरुदेव का स्थान वैसा ही होना चाहिए जैसा एक साध्वी पत्नी के जीवन में सास-ससुर का होता है—सम्मानित परंतु पति (परमेश्वर) सर्वोपरि। उन्होंने वर्तमान सामाजिक परिवेश में उन व्यक्तियों पर भी सावधानी रखने की बात कही जो स्वयं को भगवान की तरह स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं।

समापन अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुशील अरोड़ा, सचिव रवि छाबड़ा, संजय आनंद, गोविंद तनेजा, रंजन कुमार तथा अन्य पदाधिकारियों ने कथा व्यास का स्वागत कर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया जिसमें मुख्य रूप से सुशील अरोड़ा, रवि छाबड़ा, अश्विनी ओबेरॉय, संजय आनंद और गोविंद तनेजा की सेवा उल्लेखनीय रही। युवा मंडल के सदस्यों ने भी प्रसाद वितरण में सक्रिय भूमिका निभाई।

मंदिर सेवा ट्रस्ट के सचिव रवि छाबड़ा ने कथा व्यास व समस्त श्रोताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया और उपस्थितजन को आगामी कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर प्रांगण में 11 जून से 17 जून तक प्रतिदिन शाम 6:30 से 9:30 बजे पूजा एवं पौराणिक कथा-श्रवण का आयोजन होगा, जिसमें पूज्य कथा व्यास श्री प्रेम निधि जी महाराज द्वारा श्री गौ भागवत कथा सुनाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!