The Voice of Bareilly since 2010

श्रावण मास कांवड़ यात्रा ड्यूटी के लिए नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को वितरित की गईं पीली जैकेटें

बरेलीलाइव@bareillynews: बरेली, 1 अगस्त। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा बरेली डॉ अविनाश सिंह के निर्देश पर तहसील आंवला, नवाबगंज, बहेड़ी और मीरगंज की नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में नियुक्त नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को पीली नागरिक सुरक्षा जैकेट (एप्रन) वितरित की गईं। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री अविनाश त्रिपाठी ने स्वयंसेवकों को जैकेट प्रदान की।

उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री राकेश कुमार मिश्र ने विभाग की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में बरेली पहला जनपद है, जहां नागरिक सुरक्षा का विस्तार तहसील स्तर तक करते हुए नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों के वार्डों में स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।

अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री अविनाश त्रिपाठी ने कहा कि “नागरिकों द्वारा नागरिकों की रक्षा करना ही नागरिक सुरक्षा है।” उन्होंने स्वयंसेवकों से अपने नियमित कार्यों के साथ नागरिक सुरक्षा के दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करने तथा राष्ट्र सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

चीफ वार्डन श्री रंजीत कुमार वशिष्ठ ने स्वयंसेवकों को विशेष नागरिक की भूमिका निभाते हुए जनसेवा और आपदा प्रबंधन में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ सहायक उप नियंत्रक श्री पंकज कुदेशिया, श्री प्रमोद कुमार डागर, डिवीजनल वार्डन श्री शिवलेश चंद्र पाण्डेय, श्री संजय पाठक, श्री दिनेश कुमार सिंह, डिप्टी डिवीजनल वार्डन श्री कंवलजीत सिंह तथा विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!