बरेलीलाइव@bareillylive: बरेली, 1 अगस्त। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को एसपी सिटी मानुष पारीक ने अपने कार्यालय में विभिन्न कांवड़ सेवा समितियों तथा सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और प्रशासनिक समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कांवड़ मार्गों पर त्वरित पुलिस सहायता सुनिश्चित करने के लिए कांवड़ क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही “आदर्श कांवड़ यात्रा-2026” अभियान के तहत जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और यात्रा को सुरक्षित, अनुशासित एवं स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संगठनों से पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने का अनुरोध किया।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने का भरोसा दिलाया।






Leave a Reply