The Voice of Bareilly since 2010

कांवड़ यात्रा को लेकर आंवला में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, जगह-जगह बने पुलिस मित्र सहायता कैंप

कांवड़ यात्रा को लेकर आंवला में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, जगह-जगह बने पुलिस मित्र सहायता कैंप

Bareillylive@bareillynews:बरेली। श्रावण माह की कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आंवला पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। नगर क्षेत्र से लेकर बॉर्डर तक विभिन्न स्थानों पर पुलिस मित्र सहायता एवं सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं, जहां कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षा के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

रोडवेज बस स्टैंड को प्रमुख केंद्र बनाते हुए यहां विशेष सहायता कैंप स्थापित किया गया है। उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम तैनात की गई है, जिसमें महिला और पुरुष पुलिसकर्मी शामिल हैं। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

बारिश और तेज धूप से बचाव के लिए नगर पालिका परिषद आंवला की ओर से वाटरप्रूफ टेंट लगाए गए हैं। नगर पालिका अध्यक्ष सैयद आबिद अली और अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी ने बस स्टैंड स्थित कैंप का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कैंप में कूलर, पेयजल, कुर्सियां, मेज तथा प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर 24 घंटे गश्त, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी और संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। बॉर्डर क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र और हेड कांस्टेबल शिवराम यादव ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा और सेवा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन ने आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!