The Voice of Bareilly since 2010

बाइक-साइकिल की टक्कर के बाद युवक पर हमला, मारपीट में गंभीर घायल; तीन पर मुकदमा दर्ज

बाइक-साइकिल की टक्कर के बाद युवक पर हमला, मारपीट में गंभीर घायल; तीन पर मुकदमा दर्ज

Bareillylive@bareillynews:फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। थाना क्षेत्र में बाइक और साइकिल की मामूली टक्कर के बाद विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि साइकिल सवार के परिजनों ने बाइक सवार युवक को घेरकर बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गांव खनपुरा निवासी मोहित अपने फूफा गजेंद्र के साथ बाइक से जा रहा था। नखी-सिधवा बाजार से निकलकर जैसे ही वे नगरिया कला मोड़ के पास पहुंचे, तभी एक साइकिल सवार युवक अचानक उनकी बाइक के सामने आ गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और मोहित को मामूली चोटें आईं।

आरोप है कि हादसे के कुछ ही देर बाद साइकिल सवार के परिजन मौके पर पहुंच गए और विवाद बढ़ने पर मोहित को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। घायल के फूफा गजेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में प्रमोद, नंदराम और प्रवेश समेत अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है।

घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोहित को उपचार के लिए पहले फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर कर दिया गया।

थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!