The Voice of Bareilly since 2010

स्वर्गीय बाबू बनवारी लाल अग्रवाल की स्मृति में अत्याधुनिक सभागार का लोकार्पण, राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया उद्घाटन

bareillylive@bareillynews:स्वर्गीय बाबू बनवारी लाल अग्रवाल की स्मृति में अत्याधुनिक सभागार का लोकार्पण, राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया उद्घाटन

बरेली। शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में लगभग आठ दशक से योगदान दे रहे श्री गुलाब राय विद्यालय समूह ने डोहरा रोड परिसर की स्थापना के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया।

इस दौरान संस्थापक एवं महान शिक्षाविद् स्वर्गीय बाबू बनवारी लाल अग्रवाल की स्मृति में निर्मित अत्याधुनिक ‘बाबू बनवारी लाल अग्रवाल बहुउद्देशीय सभागार’ का लोकार्पण किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर सभागार का उद्घाटन किया तथा स्वर्गीय बाबू बनवारी लाल अग्रवाल की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस बहुउद्देशीय सभागार का निर्माण विद्यार्थियों के बौद्धिक, सांस्कृतिक एवं शारीरिक विकास को ध्यान में रखकर किया गया है।

यहां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की कार्यशालाएं, शैक्षिक संगोष्ठियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा विभिन्न अकादमिक गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा। विद्यालय प्रबंधन ने इसे संस्थापक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि और संस्थान की निरंतर प्रगति का प्रतीक बताया।

समारोह में बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, विधायक डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, विधायक दुर्विजय सिंह शाक्य, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल तथा उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विद्यालय के विज्ञान शिक्षक लवी चांदना द्वारा लिखित पुस्तक ‘अमीरी-गरीबी: फर्क पैसों का या इंसान का’ का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम में श्री गुलाब राय मॉण्टेसरी स्कूल समूह के अध्यक्ष रवि अग्रवाल, संरक्षक माता उषा रानी अग्रवाल, प्रबंधक राजेश अग्रवाल जौली, निदेशक त्रिजित अग्रवाल, प्रधानाचार्य शील सक्सेना सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत और सम्मान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!