The Voice of Bareilly since 2010

राष्ट्रीय शिक्षा नीति व भारतीय शिक्षा दर्शन पर गहन सत्र सम्पन्न, नवाचार अपनाने का संकल्प

Bareillylive : सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग व नेकपुर विद्यालय में शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित बरेली जिले का आचार्य अभ्यास वर्ग उत्साहपूर्ण और गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह पुंडीर, प्रदेश शिशु वाटिका प्रभारी रामकिशोर श्रीवास्तव, अध्यक्ष राजीव अग्रवाल तथा बाल कल्याण समिति मंत्री दिनेश मलिक ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्चन कर किया। प्रधानाचार्य संजीव कुमार पाण्डेय ने अतिथियों का अंग वस्त्र से स्वागत किया।

अभ्यास वर्ग में जिले के 20 आचार्यों ने भाग लिया और बालक-केंद्रित शिक्षण, कक्षा प्रबंधन, मूल्यपरक शिक्षा, व्यक्तित्व विकास तथा संस्कार निर्माण जैसे विषयों में प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण सत्रों में डी.एन. मिश्रा, शिवलेश पांडे, अवनेंद्र शास्त्री, तपेंद्र कटारा, डॉ. शिव दयाल, डॉ. पुष्पेंद्र, डॉ. ऋषभ मिश्रा व डॉ. सतीश शर्मा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति व भारतीय शिक्षा दर्शन के अनुरूप मार्गदर्शन दिया। वक्ताओं ने कहा कि आचार्य केवल ज्ञान प्रदाता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण के प्रमुख शिल्पी हैं, इसलिए उनके आचरण व समर्पण का बच्चों पर स्थायी प्रभाव होता है।

कार्यक्रम में योग, समूह चर्चाएँ, शिक्षण प्रदर्शन और व्यवहारिक सत्र आयोजित किए गए, जिनमें आचार्यों ने अनुभव साझा किए और विद्यालयों में नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियाँ अपनाने का संकल्प लिया। समापन सत्र में वक्ताओं ने कहा कि ऐसे अभ्यास वर्ग शिक्षकों की दक्षता, कार्यकुशलता व आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा भारतीय संस्कारों पर आधारित शिक्षा को सशक्त बनाएंगे।

कार्यक्रम का सफल समापन करते हुए उपस्थित आचार्यों ने राष्ट्र निर्माण व संस्कारयुक्त शिक्षा के प्रति निष्ठा का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य मनोज शर्मा ने किया तथा प्रधानाचार्य संजीव कुमार पाण्डेय ने सहयोगियों व अतिथियों का आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!