The Voice of Bareilly since 2010

बिजली के तार चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 620 फीट तार, पिकअप वाहन और नकदी बरामद

bareillylive@बरेलीन्यूज: बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 620 फीट चोरी का विद्युत तार, एक छोटा हाथी (पिकअप) वाहन, 9,700 रुपये नकद तथा एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए तारों को बेचने के लिए हल्द्वानी ले जा रहे थे।

पुलिस को सूचना मिली थी कि दोहना टोल की ओर से एक पिकअप वाहन में चोरी का बिजली का तार लेकर दो व्यक्ति हल्द्वानी की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना भोजीपुरा पुलिस ने नैनीताल हाईवे स्थित अटापट्टी जनूबी मोड़ पर शनिवार तड़के करीब 3:45 बजे चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें चोरी का विद्युत तार, नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद हुआ। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आसिफ उर्फ आशू और मोहम्मद जुनैद, निवासी कानूनगायन कस्सावान, थाना फरीदपुर, जनपद बरेली के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बिजली के तार चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए कुछ तार पहले ही बेच दिए थे, जबकि शेष तार बेचने के लिए हल्द्वानी ले जा रहे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। साथ ही मामले में यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता रही है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!