बरेली। थाना किला पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, विरोध करने पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून को पीड़िता ने थाना किला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि शहजाद ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि जब वह अपनी मां के साथ शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची तो आरोपी और उसके परिजनों ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। शिकायत के आधार पर थाना किला में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
रविवार को चलाए जा रहे अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना किला पुलिस ने किला फाटक पुल के नीचे से वांछित आरोपी शहजाद (27 वर्ष) पुत्र इकबाल, निवासी मोहल्ला 12 बीघा, किला छावनी, बरेली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पीड़िता के साथ प्रेम-प्रसंग था और उसने शादी का आश्वासन देकर संबंध बनाए थे। बाद में दोनों के बीच विवाद होने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
गिरफ्तारी अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक अचल कुमार, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका खरे तथा हेड कांस्टेबल अनूप कुमार सिंह शामिल रहे।
नोट: यह मामला पुलिस में दर्ज एफआईआर और आरोपी की गिरफ्तारी पर आधारित है। मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा।






Leave a Reply