bareillylive@बरेलीन्यूज: बरेली। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता और सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लखौरा गांव में ‘सेहत की पाठशाला’ अभियान के तहत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए और स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मासिक धर्म एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है और इसे शर्म या संकोच का विषय नहीं समझना चाहिए।
उन्होंने मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, नियमित रूप से सेनेटरी पैड का उपयोग करने तथा समय-समय पर पैड बदलने की आवश्यकता पर जोर दिया।
डॉ. अग्रवाल ने महिलाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि यह महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, लेकिन समय पर जांच, एचपीवी वैक्सीन, नियमित स्क्रीनिंग और बेहतर व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाकर इसके खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने बीमारी के शुरुआती लक्षणों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी असामान्य समस्या को नजरअंदाज न करें और तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।
उन्होंने कहा कि “स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज की आधारशिला है।” इसलिए महिलाओं का स्वास्थ्य और जागरूकता समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाचार्या नीता जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए इस प्रकार के जागरूकता अभियानों को ग्रामीण महिलाओं के लिए बेहद उपयोगी बताया। महिलाओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की और इस पहल की सराहना की।






Leave a Reply