The Voice of Bareilly since 2010

बरेली में गहराया पेयजल संकट: बिहारीपुरढाल, बिहारीपुर कसगरान, तिलक कॉलोनी समेत कई वार्डों में पानी को तरसे लोग


बरेलीलाइव@bareillynewes: सावन के पहले सोमवार पर जलापूर्ति ठप, नगर निगम के खिलाफ लोगों में रोष; जांच और स्थायी समाधान की मांग

बरेली। शहर के कई इलाकों में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। बिहारीपुरढाल, बिहारीपुर कसगरान, सुभाष नगर की तिलक कॉलोनी समेत कई वार्डों में सोमवार को जलापूर्ति बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सावन के प्रथम सोमवार जैसे धार्मिक अवसर पर पानी नहीं मिलने से आम नागरिकों के साथ-साथ शिवभक्तों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

जलापूर्ति ठप होने के कारण लोगों को हैंडपंपों और अन्य वैकल्पिक स्रोतों से पानी भरकर दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ीं। कई घरों में स्नान, भोजन बनाने, बर्तन साफ करने और कपड़े धोने जैसे आवश्यक कार्य भी प्रभावित हुए। महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी, जिन्हें पानी की व्यवस्था के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी।

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आए दिन होने वाली पेयजल आपूर्ति की समस्या का अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उनका कहना है कि नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन बार-बार की लापरवाही से आम जनता परेशान हो रही है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने नगर आयुक्त, बरेली को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। उन्होंने तिलक कॉलोनी सहित प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग करते हुए कहा कि सावन के पहले सोमवार जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर पानी की व्यवस्था न होना बेहद गंभीर विषय है।

हरी शंकर ने मांग की है कि जलापूर्ति बाधित होने के कारणों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। वहीं, प्रभावित क्षेत्रों के लोगों ने भी नगर निगम से शीघ्र पेयजल आपूर्ति बहाल करने और शहर में नियमित जल वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है।5

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!