bareillylive@हरिद्वार और कछला से कांवड़ लाकर भोलेनाथ का अभिषेक, पुलिस ने पुष्पवर्षा कर किया कांवड़ियों का स्वागत
देवरनियां। सावन माह के पहले सोमवार को क्षेत्र के शिवालयों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह तड़के से ही श्रद्धालु भगवान शिव के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। नगर पंचायत देवरनियां के प्राचीन शिव मंदिर सहित सेमीखेड़ा, सिंगतरा, कासमपुर, कनमन, बसंत नगर और आसपास के शिव मंदिरों को आकर्षक फूलों से सजाया गया था।
भोर से शुरू हुआ पूजा-अर्चना का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, भांग, दूध, शहद और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। विशेष रूप से महिलाओं में शिव भक्ति का उत्साह देखने को मिला।

हरिद्वार और कछला से पवित्र गंगाजल कांवड़ में लाकर पहुंचे शिवभक्तों ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मान्यता है कि सावन माह में भगवान शिव की सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालु प्रातः तीन बजे से ही स्नान कर शिवालयों में पहुंचने लगे।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली देवरनियां पुलिस ने प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया तथा बैरिकेडिंग की व्यवस्था की। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया, जिसकी श्रद्धालुओं ने सराहना की। सावन के पहले सोमवार पर पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।






Leave a Reply