The Voice of Bareilly since 2010

कांवड़ यात्रा को लेकर रामगंगा घाट पर बनी अस्थायी पुलिस चौकी, सुरक्षा व्यवस्था हुई चाक-चौबंद


bareillylive@कादरगंज-पढ़ेरा घाट पर बैरिकेडिंग, पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित घाट से ही गंगाजल भरने की अपील की

फतेहगंज पूर्वी। सावन माह में कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने रामगंगा के कादरगंज-पढ़ेरा घाट पर अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। क्षेत्र के अधिकांश श्रद्धालु इसी घाट से गंगाजल भरकर फरीदपुर स्थित पंचेश्वरनाथ मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।

उच्च अधिकारियों के निर्देश पर बनाई गई इस अस्थायी चौकी पर दिन-रात पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। ग्राम प्रधान के सहयोग से घाट पर व्यापक बैरिकेडिंग की गई है तथा श्रद्धालुओं से केवल निर्धारित घाट से ही गंगाजल भरने की अपील की गई है।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि घाट से हटकर कई स्थानों पर गंगा का जलस्तर अधिक है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी कारण श्रद्धालुओं को सुरक्षित घाट से ही जल भरने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि पूरे सावन माह अस्थायी पुलिस चौकी पर पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात रहेंगे। चौकी पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक, महिला कांस्टेबल तथा अन्य पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता मिल सके।

सोमवार को थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने रामगंगा घाट पहुंचकर गंगाजल भरने आए श्रद्धालुओं का स्वागत किया और उन्हें सावधानीपूर्वक जल भरकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान अस्थायी चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह, बाल किशन, नीरज सिंह सहित पुलिस टीम ने क्षेत्र के सभी प्रमुख रामगंगा घाटों का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान, सेक्टर प्रभारी रजनीश शर्मा, हल्का लेखपाल तथा राजस्व विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस और प्रशासन की इस पहल से कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!