The Voice of Bareilly since 2010

उर्स-ए-रज़वी: जायरीन की सुविधा के लिए 8 अगस्त को चलेंगी दो जोड़ी उर्स मेला स्पेशल ट्रेनें

बरेली। उर्स-ए-रज़वी में बड़ी संख्या में आने वाले जायरीन की सुविधा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने 8 अगस्त को दो जोड़ी उर्स मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। ये विशेष ट्रेनें इज्जतनगर–लालकुआं–बरेली सिटी तथा बरेली सिटी–पीलीभीत–इज्जतनगर रूट पर एक-एक फेरे में संचालित की जाएंगी, जिससे यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा।

रेलवे के अनुसार 05319 इज्जतनगर–लालकुआं उर्स मेला स्पेशल ट्रेन 8 अगस्त को शाम 4:05 बजे इज्जतनगर से रवाना होगी। यह ट्रेन भोजीपुरा, अटामांडा, देवरनियां, बहेड़ी, किच्छा और पंतनगर स्टेशनों पर ठहराव करते हुए शाम 6:20 बजे लालकुआं पहुंचेगी। वापसी में 05320 लालकुआं–बरेली सिटी स्पेशल रात 8:30 बजे लालकुआं से प्रस्थान कर बहेड़ी, देवरनियां, भोजीपुरा और इज्जतनगर होते हुए रात 10:40 बजे बरेली सिटी पहुंचेगी।

इसी क्रम में 05321 बरेली सिटी–पीलीभीत उर्स मेला स्पेशल शाम 4:05 बजे बरेली सिटी से रवाना होगी। यह ट्रेन इज्जतनगर, भोजीपुरा, सेथल, बिजौरिया, शाही और ललौरीखेड़ा स्टेशनों से होकर शाम 6:00 बजे पीलीभीत पहुंचेगी। वापसी में 05322 पीलीभीत–बरेली सिटी स्पेशल शाम 7:35 बजे पीलीभीत से चलकर शाही, बिजौरिया, सेथल, भोजीपुरा और इज्जतनगर होते हुए निर्धारित समय पर बरेली सिटी पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे उर्स-ए-रज़वी के दौरान भीड़ से बचने और सुविधाजनक यात्रा के लिए इन विशेष ट्रेनों का अधिक से अधिक उपयोग करें। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से उर्स में शामिल होने आने वाले हजारों जायरीन को राहत मिलेगी और यात्रा व्यवस्था भी अधिक सुचारु रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!