बरेलीलाइव@भौआ बाजार में बकरियों की मौत के मामले में भी तेंदुए के हमले की पुष्टि नहीं, लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील
बरेली। नवाबगंज क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच वन विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है। विभाग का कहना है कि अब तक की जांच में क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी का कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिला है।
प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी ने बताया कि नवाबगंज क्षेत्र पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है, इसलिए समय-समय पर वन्यजीवों की आवाजाही की संभावना बनी रहती है। पिछले कुछ दिनों में कुंवरपुर तुलसी पट्टी और भौआ बाजार में तेंदुआ देखे जाने की सूचनाओं के बाद वन विभाग की टीम ने सघन कॉम्बिंग और निगरानी अभियान चलाया, लेकिन कहीं भी तेंदुए के पदचिह्न, मूवमेंट या अन्य कोई साक्ष्य नहीं मिले।
उन्होंने बताया कि भौआ बाजार में पांच बकरियों के मारे जाने की सूचना मिलने पर भी वन विभाग ने जांच की। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हमला तेंदुए द्वारा नहीं किया गया। मृत बकरियों का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि हमला किस वन्यजीव ने किया।
वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार फुट पेट्रोलिंग कर रही है। साथ ही एहतियात के तौर पर भौआ बाजार में एक पिंजरा भी लगाया जा रहा है, ताकि यदि कोई वन्यजीव क्षेत्र में आता है तो उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी वन्यजीव की मौजूदगी दिखाई दे तो उसे घेरने या भगाने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सके। साथ ही सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करने की भी सलाह दी गई है।






Leave a Reply