The Voice of Bareilly since 2010

उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं पर हुई व्यापक समीक्षा

bareillylive@bareillynews:बरेली। आगामी उर्स-ए-रज़वी के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन को लेकर सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों और उर्स कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बरेली मंडल के कमिश्नर और एडीजी ने की। इस दौरान डीआईजी रेंज, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

दरगाह की ओर से हाजी जावेद खान, नासिर कुरैशी, औरंगजेब नूरी, परवेज़ नूरी, अजमल नूरी, नईम नूरी, हाजी शकील और शाद रज़ा ने भाग लिया। वहीं जमात रज़ा-ए-मुस्तफा की ओर से डॉ. मेहंदी हसन, मौलाना इंतेजार कादरी तथा हाफिज़ इकराम बैठक में शामिल हुए।

बैठक में उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। दरगाह प्रतिनिधियों ने लगातार हो रही बारिश के कारण इस्लामिया मैदान में जलभराव और गड्ढों की समस्या उठाते हुए मैदान में रविश ईंटों की पटरियां बिछाने की मांग की, ताकि जायरीन को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, लंगर व्यवस्था, चादर जुलूस, परचम जुलूस, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी उर्स-ए-रज़वी के दौरान व्यापक सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, जिससे देश-विदेश से आने वाले जायरीन एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उर्स सहित सभी धार्मिक आयोजन आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!