The Voice of Bareilly since 2010

सीएचसी-पीएचसी में समय से बैठें चिकित्सक, स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

bareillylive@bareillynews:बरेली, 04 अगस्त। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ई-संजीवनी की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इसमें शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीएचसी एवं पीएचसी के चिकित्सकों को निर्देश दिए कि उनके द्वारा किए जा रहे सभी कार्यों एवं सेवाओं की पोर्टल पर अनिवार्य रूप से फीडिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाली एएनएम के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएसवाई) के अंतर्गत भुगतान एवं पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि आशाओं के भुगतान में पीछे चल रहे सीएससी केंद्रों की निगरानी कर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में आभा आईडी की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद वर्तमान में 15वें स्थान पर है, जिसे और बेहतर करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी सीएचसी एवं पीएचसी के चिकित्सकों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन प्रातः 10.00 बजे तक अपने अस्पताल में उपस्थित रहकर अधिक से अधिक मरीजों को उपचार उपलब्ध कराएं।

उन्होंने दस्तक अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक टीबी मरीजों को चिन्हित कर उनका शत-प्रतिशत उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन डेस्क पर प्राप्त शिकायतों की लगातार निगरानी करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ विश्राम सिंह, समस्त सी.एच.सी. तथा पी.एच.सी. के डॉक्टर सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!