The Voice of Bareilly since 2010

कांवड़ यात्रा: हरिद्वार-ऋषिकेश रूट पर उत्तर रेलवे की विशेष तैयारी

bareillylive@bareillynews:मुरादाबाद। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार और ऋषिकेश पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के मार्गदर्शन में हरिद्वार, ज्वालापुर, रुड़की और योगनगरी ऋषिकेश सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

रेलवे ने हरिद्वार और योगनगरी ऋषिकेश स्टेशनों पर मेडिकल हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं, जहां श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सहायता प्रदान की जा रही है।

स्टेशनों पर लगातार उद्घोषणाओं के माध्यम से ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान, प्लेटफॉर्म और अन्य आवश्यक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। हरिद्वार स्टेशन के यात्री सहायता केंद्र पर रेल यात्रा से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, वहीं श्रद्धालुओं को शीतल पेयजल, शर्बत और फ्रूट जूस भी वितरित किया जा रहा है।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, वाणिज्य विभाग, टिकट जांच स्टाफ और सिविल डिफेंस की टीमें वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं तथा अन्य जरूरतमंद यात्रियों की सहायता में लगातार तैनात हैं।

इसके साथ ही आरपीएफ और जीआरपी द्वारा स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर भी खोले गए हैं।

रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कतारबद्ध होकर यात्रा करें, सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर हेल्प डेस्क या रेलवे कर्मचारियों से तुरंत संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!