The Voice of Bareilly since 2010

उर्स-ए-आला हजरत: डीएम अविनाश सिंह ने इस्लामिया इंटर कॉलेज ग्राउंड का किया निरीक्षण


bareillylive@bareillynews:बरसात को देखते हुए जूट मैट, बजरी व फुट डालने के निर्देश, जायरीनों की सुविधा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

बरेली। उर्स-ए-आला हजरत के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मंगलवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बरसात के मौसम को देखते हुए ग्राउंड में फिसलन रोकने के लिए जूट के मैट बिछाने के साथ बजरी एवं फुट डलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्स में देश-विदेश से बड़ी संख्या में आने वाले जायरीनों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

डीएम ने सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरीकेटिंग और साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में शौचालय, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि जायरीनों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने तथा उर्स के दौरान व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसीएम प्रथम संत रंजन, एसीएम द्वितीय आलोक कुमार, खनन अधिकारी मनीष सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!