bareillylive@बरेलीन्यूज: बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने यूपी-112 पर कॉल कर मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के साथ ही बार-बार पुलिस सहायता के लिए भी कॉल की थी।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को अनिल कुमार निवासी घंघोरा पिपरिया रोड, मॉडर्न विलेज, थाना भोजीपुरा ने यूपी-112 पर फोन कर मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। मामले की जांच में आरोप सही पाए जाने पर उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह की तहरीर पर थाना भोजीपुरा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।@
मंगलवार को थाना प्रभारी कुँवर बहादुर सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक सुशील कुमार तथा कांस्टेबल सोनू कोरी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए अपने कृत्य पर माफी मांगी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना इज्जतनगर और भोजीपुरा में पहले से तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।






Leave a Reply