Bareillylive: माधव बाड़ी बरेली स्थित श्री रामायण मंदिर में चल रहे तुलसी जयंती महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को पूज्य गुरुदेव ने दीप प्रज्वलित कर किया। पहले दिन सात्विक संकीर्तन मंडल और रामायण मंडल के सदस्यों ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया और हरि नाम संकीर्तन से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में कुक्की अरोड़ा, हार्दिक अरोड़ा, निष्काम पांडे, सिद्धांत श्रोत्रिय, राम पांडे, बरखा अरोड़ा और उत्कर्ष अरोड़ा ने संगीतबद्ध सुंदरकांड पाठ प्रस्तुत किया। उनके भजनों “सिया राम की गली में तुम जाना वहां नाचते मिलेंगे हनुमाना”, “वीर हनुमाना”, “श्रीराम जानकी” और “राम राम जय राजा राम” ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
मंदिर प्रबंधन समिति के सचिव नवीन अरोड़ा ने बताया कि यह महोत्सव 4 अगस्त से 19 अगस्त तक धूमधाम से मनाया जाएगा। 5 अगस्त को हरि नाम संकीर्तन, 6 अगस्त को श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल, अमृतसर द्वारा झूलन महोत्सव और 7 अगस्त को डॉ. बृजेश यादव के नेतृत्व में सुंदरकांड पाठ होगा।
उन्होंने बताया कि 8 अगस्त को शाम 5 बजे दिव्य कलश यात्रा सनातन धर्म मंदिर से प्रारंभ होगी। इसके बाद 8 से 16 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 6:30 बजे श्री राम कथा का आयोजन होगा, जिसका वाचन पूज्य धन्वन्तरि दास जी महाराज करेंगे।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में 17 अगस्त को भैया मनीष चौहान और दीपेश सुनेजा के द्वारा हरि नाम वर्षा, 18 अगस्त को भैया राजीव शास्त्री, सोनीपत द्वारा हरि नाम संकीर्तन होगा। 19 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 4:30 बजे तक जयंती महोत्सव मनाया जाएगा और दोपहर में गुरु प्रसादी भंडारा आयोजित होगा।






Leave a Reply