The Voice of Bareilly since 2010

किशोर कुमार की जयंती पर सजे सुरों के रंग, गीतों से गूंजा पवन विहार

bareillylive@bareillynews:बरेली।स्वर सम्राट और महान पार्श्व गायक-अभिनेता किशोर कुमार की जयंती के अवसर पर हमारा सुर संसार ग्रुप द्वारा पवन विहार स्थित मीडिया प्रभारी विजय शर्मा के निवास पर भव्य संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में शहर के संगीत प्रेमियों और स्थानीय कलाकारों ने किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेशनल हाईवे के जनरल मैनेजर नरेश कौशिक शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि सब इंस्पेक्टर शेर सिंह थापा रहे। आयोजकों ने दोनों अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य अतिथि नरेश कौशिक शर्मा ने कहा कि किशोर कुमार केवल एक गायक नहीं, बल्कि भारतीय फिल्म संगीत की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी आवाज़ की मधुरता और बहुमुखी प्रतिभा आज भी हर पीढ़ी को आकर्षित करती है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि शेर सिंह थापा ने कहा कि संगीत समाज में प्रेम, सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का संदेश देता है तथा इस प्रकार के आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखते हैं।

संगीत संध्या की शुरुआत विजय शर्मा ने किशोर कुमार के लोकप्रिय गीत से की। इसके बाद अजय अरोड़ा, मनोज उपाध्याय, राज चावला, हरीश गोस्वामी, बेबी शर्मा, मीना अरोड़ा, डॉ. अंजु उपाध्याय और प्रतीक शर्मा ने एक से बढ़कर एक सदाबहार गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी कलाकारों, अतिथियों एवं संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक और संगीतमय कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!