bareillylive@bareillynews:बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 6 से 15 अगस्त तक जनपद में तीन चरणों में चलने वाले अभियान की रूपरेखा तय करते हुए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी स्कूलों और कॉलेजों में तिरंगा थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही विकास भवन और सभी विकास खंडों से तिरंगा रैलियां निकाली जाएं। उन्होंने सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, अन्नपूर्णा भवन, उचित दर की दुकानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण के साथ आकर्षक तिरंगा सजावट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए डूडा और डीसी एनआरएलएम को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा सभी विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों की साज-सज्जा कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बताया गया कि अभियान के पहले चरण में विद्यालयों में तिरंगा थीम पर सजावट, रंगोली, प्रदर्शनी और शहीद स्मारकों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। दूसरे चरण में तिरंगा महोत्सव, तिरंगा मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनियां आयोजित होंगी। वहीं तीसरे चरण में सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके साथ प्रभात फेरी, तिरंगा रैली और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपदवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान के निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने की अपील की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






Leave a Reply