बरेलीलाइव@बरेलीन्यूज:10 और 16 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों की सूची तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश, एचपीवी टीकाकरण पर भी दी गई जानकारी
बरेली। जनपद में 10 एवं 16 वर्ष आयु वर्ग के छूटे हुए बच्चों का टीडी (टेटनस-डिप्थीरिया) टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा नियमित टीकाकरण अभियान को गति देने के उद्देश्य से बुधवार को बिशप मंडल इंटर कॉलेज में सभी इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों के साथ संवेदीकरण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विद्यालयों के माध्यम से पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि टीडी टीका बच्चों और किशोरों को टेटनस एवं डिप्थीरिया जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत 10 और 16 वर्ष की आयु में टीडी की बूस्टर डोज दी जाती है। जिन बच्चों का टीकाकरण किसी कारणवश छूट गया है, उन्हें विद्यालय आधारित विशेष सत्रों के माध्यम से टीका लगाया जाएगा।
उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों से अपने विद्यालयों में 10 एवं 16 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे विद्यार्थियों की सूची तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। साथ ही अभिभावकों की शंकाओं का वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर समाधान करने और उन्हें टीकाकरण के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।
बैठक में डॉ. प्रशांत रंजन ने किशोरियों में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए संचालित एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एचपीवी टीका अब नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल है और स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को लगाए जाने वाले टीकाकरण सत्रों में निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने विद्यालयों से पात्र किशोरियों एवं उनके अभिभावकों को इस अभियान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
राज्य तकनीकी प्रबंधक फैजान अली ने कहा कि विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी से टीकाकरण अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि छात्र-छात्राओं की डायरी के माध्यम से टीकाकरण संबंधी संदेश अभिभावकों तक पहुंचाए जाएं और टीकाकरण दिवस की पूर्व सूचना भी दी जाए।
राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन (एनयूएचएम) के नोडल अधिकारी डॉ. अजमेर सिंह ने बताया कि शहरी क्षेत्र के 26 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीडी सहित सभी नियमित टीके निःशुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग विद्यालयों के सहयोग से विशेष टीकाकरण सत्र भी आयोजित करेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि वे स्वास्थ्य विभाग के टीकाकरण अभियानों में पूर्ण सहयोग दें। उन्होंने विशेष रूप से 10 एवं 16 वर्ष आयु वर्ग के छूटे हुए विद्यार्थियों की पहचान कर उनकी सूची तैयार करने तथा उनका शीघ्र टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।






Leave a Reply