The Voice of Bareilly since 2010

आध्यात्मिक शक्ति से नशे पर विजय का संदेश: ब्रह्माकुमारी और जिला प्रशासन आये साथ

Bareillylive : भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत अभियान” और मिशन स्पंदन के तहत ब्रह्माकुमारी संस्था ने अपने आदरणीय दादी प्रकाशमणि जी की स्मृति में “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअियान” का जिला स्तरीय शुभारंभ सिविल लाइन्स स्थित ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र पर किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री अविनाश सिंह मुख्य अतिथि थे।

\ पूर्व डीआईजी उत्तर प्रदेश पुलिस श्री विकास वैध, मानव सेवा क्लब के अध्यक्ष श्री वीनू सिन्हा, मनोहर भूषण इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री मनोज कुमार सक्सेना, मानव संसाधन नशा उन्मूलन केंद्र के संचालक श्री विनय पटेल व ए.एन.ए. मैनेजमेंट कॉलेज के चेयरमैन श्री संजय आनंद सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी व युवा मौजूद रहे।

ब्राह्माकुमारी नीता दीदी ने संस्था की 90 वर्ष की सेवाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि संगठन दुनिया के 140 देशों में 8,500 से अधिक सेवा केंद्रों के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दे रही है। संस्था के 23 प्रभाग समाज के विभिन्न वर्गों तक अपनी सेवाओं के जरिए जीवनों में सुधार लाने का कार्य कर रहे हैं।

क्षेत्रीय संचालिका राजयोगिनी पार्वती दीदी ने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि आध्यात्मिकता और राजयोग ही नशा जैसी बुराइयों से बचाने की वास्तविक ताकत हैं। उन्होंने लोगों को स्वयं आदर्श बनने और ईश्वर की स्मृति द्वारा सच्चा सुख प्राप्त करने का संदेश दिया।

जिलाधिकारी श्री अविनाश सिंह ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की उन्नति में बाधा है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के 2 अगस्त के आह्वान का जिक्र करते हुए कहा कि नशामुक्त जीवन ही विकसित भारत की नींव रखेगा।

मौके पर उन्होंने उन व्यक्तियों को सर्टिफिकेट प्रदान किए जिन्होंने संस्था से जुड़कर नशा छोड़ दिया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी पारूल दीदी द्वारा नशामुक्ति की सामूहिक प्रतिज्ञा कराई गई और एक लघु नाटिका के माध्यम से नशे व सामाजिक कुरीतियों से दूरी बनाए रखने का संदेश दिया गया।

\रजनी दीदी ने राजयोग ध्यान कराकर उपस्थितों को मार्गदर्शन दिया। आयोजकों ने बताया कि बरेली जनपद में 6 से 20 अगस्त 2026 के बीच लगभग 30 विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा सामाजिक संस्थाओं में जागरूकता सत्र और नशामुक्ति गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

कई स्थानों पर एक ही दिन कार्यक्रम होने के कारण दो-तीन टीमों का गठन किया गया है ताकि अभियान समयबद्ध रूप से सफल हो और अधिक नागरिक नशामुक्ति की प्रतिज्ञा से जुड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!