The Voice of Bareilly since 2010

हर घर तिरंगा अभियान और गुरु रविदास जयंती कार्यक्रमों की तैयारियों पर भाजपा शाही मंडल की बैठक में मंथन

bareillylive@bareillynews:बरेली। भारतीय जनता पार्टी शाही मंडल की मासिक बैठक गुरुवार को मंडल कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अनुरोध सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में शाही मंडल प्रभारी एवं जिला मीडिया प्रभारी अंकित महेश्वरी मौजूद रहे। बैठक में आगामी हर घर तिरंगा अभियान तथा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

मुख्य अतिथि अंकित महेश्वरी ने बताया कि 12 अगस्त को सुबह 10:30 बजे तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक घर, दुकान और प्रतिष्ठान तक तिरंगा पहुंचाकर लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि तिरंगा फहराने के बाद उसकी सेल्फी सरल ऐप पर अपलोड करें। साथ ही निर्देश दिए कि 15 अगस्त को शाम 5 बजे राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाए तथा बूथ स्तर तक इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने में महिला मोर्चा और युवा मोर्चा की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी।

बैठक में बताया गया कि 18 अगस्त को संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चल रहे रविदास अभियान के तहत वाराणसी स्थित गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली से पवित्र माटी का कलश शाही मंडल क्षेत्र में पहुंचेगा। कलश यात्रा पांच गांवों और विभिन्न मंदिरों तक जाएगी। कार्यकर्ताओं से सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समय रहते पूरी करने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

बैठक में दीनानाथ कश्यप, सत्यपाल यदुवंशी, रोहित शर्मा, पोशाकी लाल राजपूत, भूपेंद्र गंगवार, मंगल सेन गंगवार, रमेश शर्मा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!