The Voice of Bareilly since 2010

आला हजरत उर्स: डीएम और एसएसपी ने दल-बल के साथ किया फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को सतर्कता बरतने और अफवाहों पर नजर रखने के दिए निर्देश

bareillylive@bareillynews:बरेली आला हजरत उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अविनाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने देश-विदेश से आए जायरीनों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था का भरोसा दिलाया।

फ्लैग मार्च के दौरान इस्लामिया ग्राउंड, दरगाह मार्ग, बिहारीपुर चौकी, इस्लामिया मार्केट, पटेल चौक सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर किए गए इंतजामों का जायजा लिया।

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने जायरीनों, स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। साथ ही लोगों से अपील की कि उर्स के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि उर्स के दौरान जायरीनों और आमजन की सुरक्षा तथा सुविधाओं के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन और पुलिस लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर निगरानी बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।

फ्लैग मार्च में एसपी सिटी मानुष पारीख, एसपी ट्रैफिक अकमल खान, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!