The Voice of Bareilly since 2010

बरेली से चारधाम हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने पर मंथन, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से मिले कैंट विधायक संजीव अग्रवाल

bareillylive@bareillynews लखनऊ/बरेली। बरेली कैंट के विधायक संजीव अग्रवाल ने लखनऊ स्थित आवास पर उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से शिष्टाचार भेंट कर बरेली जनपद के पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के दौरान बरेली को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में सबसे प्रमुख विषय बरेली से चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का रहा। विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि यदि बरेली से हेलीकॉप्टर सेवा प्रारंभ होती है तो इससे न केवल श्रद्धालुओं को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए चारधाम यात्रा पहले की तुलना में अधिक सरल और सुलभ हो जाएगी। उन्होंने इस पहल को धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास के लिए भी महत्वपूर्ण बताया।

इसके अलावा बैठक में बरेली में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास, पर्यटकों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पर्यटन के माध्यम से स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार नई योजनाओं पर कार्य कर रही है और बरेली भी इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बने, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के सहयोग से जनपद में पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।

मुलाकात के अंत में विधायक संजीव अग्रवाल ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह का सकारात्मक मार्गदर्शन, आत्मीय स्नेह और बरेली के विकास के प्रति सहयोगात्मक दृष्टिकोण के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से बरेली को पर्यटन के मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में सार्थक प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!