bareillylive@bareillynews: बरेली। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर 125 कैंट विधानसभा क्षेत्र के मणिनाथ मंडल में शनिवार को उनकी जन्मस्थली वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी से भरे कलश की भव्य यात्रा का विधि-विधानपूर्वक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने शामिल होकर संत रविदास जी को नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

कलश यात्रा का शुभारंभ नेकपुर स्थित ललिता देवी मंदिर में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ किया गया। पूजा के बाद पवित्र माटी से भरे कलश को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ यात्रा में शामिल किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। धार्मिक वातावरण के बीच यात्रा विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों से होकर आगे बढ़ी।

यात्रा नेकपुर स्थित ललिता देवी मंदिर से प्रारंभ होकर नेकपुर वाल्मीकि मंदिर, मणिनाथ स्थित ब्रह्मदेव मंदिर, बाबा मणिनाथ मंदिर, सुभाष नगर स्थित ब्रह्मदेव मंदिर और 84 घंटा मंदिर होते हुए बाबा तपेश्वर नाथ मंदिर पहुंची। प्रत्येक धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पवित्र कलश का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर संत रविदास जी के आदर्शों को स्मरण किया गया।
बाबा तपेश्वर नाथ मंदिर पहुंचने पर विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। इसके साथ ही पवित्र माटी कलश यात्रा का विधिवत समापन हुआ। इस दौरान संत रविदास जी के विचारों और उनके सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन समाज को समानता, सामाजिक समरसता, सेवा, सद्भाव और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने अपने विचारों और कर्मों के माध्यम से समाज में व्याप्त भेदभाव को दूर करने तथा सभी मनुष्यों को समान दृष्टि से देखने की प्रेरणा दी। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं और हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर एक मजबूत एवं समरस समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में सभी वार्ड पार्षदों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।






Leave a Reply