The Voice of Bareilly since 2010

तीज उत्सव में महिलाओं ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां, आत्मनिर्भरता का दिया संदेश

बरेलीलाइव@bareillynews:बरेली। पंजाबी सेवा कल्याण समिति की ओर से रविवार को तीज उत्सव के उपलक्ष्य में भव्य किट्टी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति की अध्यक्षा इंदु सेठी एवं संरक्षिका मधुर वीणा ने भगवान शिव-पार्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर तीज उत्सव के साथ स्वतंत्रता दिवस एवं इंदु सेठी का जन्मोत्सव भी हर्षोल्लास और पारिवारिक सौहार्द के वातावरण में मनाया गया।

समारोह में तीज, स्वतंत्रता दिवस एवं जन्मोत्सव की थीम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। महिलाओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इसके साथ ही विभिन्न मनोरंजक खेलों और आकर्षक गतिविधियों में भी सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन गीता छावड़ा ने किया।

आयोजन को सफल बनाने में सुगंधा खुराना, मोनिका आहूजा एवं कनिका कपूर ने बेहतर समन्वय और कुशल प्रबंधन के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में महिलाओं की प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मकता देखने को मिली।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता से जुड़ी पहल रही। समिति की अध्यक्षा इंदु सेठी ने घर से कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्रोशिया से निर्मित हस्तशिल्प उत्पाद उपहार स्वरूप भेंट किए। उन्होंने इस पहल के माध्यम से महिलाओं को अपने हुनर को पहचान देने, स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की चेयरमैन श्रुति गंगवार ने समिति की सामाजिक गतिविधियों और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ एक-दूसरे से जुड़ने और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में समिति की महामंत्री नीलम बत्रा के अलावा नमिता, अनीता, मीना रोड़ा, सोनिका आहूजा, तान्या दुसेजा, रीता दुसेजा, शिवाली अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समारोह का आनंद लिया।

अंत में समिति की अध्यक्षा इंदु सेठी ने सभी अतिथियों एवं सदस्याओं का आभार व्यक्त किया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!