Bareillylive : प्रभु भोलेनाथ की अपार कृपा से पंजाबी युवा संगठन द्वारा निकाली जा रही 18वीं विशाल डाक कांवड़ यात्रा आज दोपहर श्री हरि मंदिर, मॉडल टाउन, बरेली पहुंची और वहां मंदिर प्रबंध समिति ने श्रद्धापूर्वक स्वागत कर उसे विश्राम कराया।
यात्रा का स्वागत मंदिर समिति के अध्यक्ष सुशील अरोरा, सचिव रवि छाबड़ा व अन्य सदस्यों ने फूलमालाएं और पटके पहनाकर किया।
कार्यक्रम में कांवड़ियों को मंदिर प्रांगण में पुष्प और आशीर्वाद देकर सम्मनित किया गया। यह यात्रा 9 अगस्त को कछला से रवाना हुई थी, जहां से गंगाजल लेकर कांवड़ियों ने बाबा श्री धूपेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक किया।
उसी के बाद यात्रा श्री सनातन धर्म मंदिर होते हुए आज श्री हरि मंदिर मॉडल टाउन पहुँची, जहां बाबा भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक किया गया तथा यहीं कांवड़ यात्रा का विश्राम हुआ।
कांवड़ यात्रा में पंजाबी युवा संगठन के समस्त सदस्य तथा कई स्थानीय शिवभक्त शामिल थे। मंदिर प्रांगण में उपस्थित भक्तों के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया और सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सचिव रवि छाबड़ा ने मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उपस्थित सभी शिवभक्तों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
मंदिर प्रशासन ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समुदाय में भाईचारे और आध्यात्मिक भावना को प्रगाढ़ करते हैं, तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों का समर्थन जारी रहेगा।






Leave a Reply