The Voice of Bareilly since 2010

महाकाल की पालकी से सजी नाथ नगरी, पुष्पवर्षा और जयकारों से भक्तिमय हुआ बरेली

bareillylive@bareillynews:चांदी की पालकी में विराजे बाबा महाकाल, मां अन्नपूर्णा और भैरवनाथ भी रहे साथ; जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

बरेली। श्यामगंज स्थित सेठ गिरधारी लाल मंदिर से बाबा महाकाल पालकी सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में भव्य बाबा महाकाल पालकी यात्रा निकाली गई। बारह ज्योतिर्लिंगों से अंकित चांदी की पालकी में बाबा महाकाल नंदी स्वरूप धारण किए भक्तों के कंधों पर सवार होकर नाथ नगरी के भ्रमण पर निकले। उनके साथ मां अन्नपूर्णा और काशी कोतवाल भगवान भैरवनाथ भी अपने सिंहासनों पर विराजमान रहे।

ट्रस्ट के अध्यक्ष ब्रजवासी लाल अग्रवाल और महामंत्री अनुराग अग्रवाल ने बताया कि यात्रा से पूर्व पं. भगवती नंदन शास्त्री सहित आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा महाकाल, माता गौरी और भैरवनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद पालकी धारण करने वाले भक्तों को जनेऊ, भस्म, चंदन और रुद्राक्ष की माला धारण कराई गई। आरती के बाद बाबा महाकाल की पालकी यात्रा का शुभारंभ हुआ।

पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

पालकी यात्रा साहू गोपीनाथ, शिवाजी मार्ग, बांस मंडी, सिकलापुर, रोडवेज, चौकी चौराहा, बरेली कॉलेज और कालीबाड़ी होते हुए निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर समाजों और व्यापारिक संगठनों की ओर से स्वागत पंडाल लगाए गए। श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। जगह-जगह प्रसाद का वितरण भी किया गया।

जनप्रतिनिधियों ने उतारी बाबा महाकाल की आरती

यात्रा के दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और डॉ. विनोद पागरानी ने भी बाबा महाकाल की आरती उतारी और आशीर्वाद लिया।

झांकियों और डमरू दल ने बढ़ाया आकर्षण

पालकी यात्रा में शामिल वीर हकीकत राय, छत्रपति शिवाजी महाराज और रानी पद्मिनी के जौहर की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। नासिक बैंड, डमरू दल और बच्चों के घोष ने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। बाबा महाकाल के जयकारों से शहर का वातावरण गूंजता रहा।

यात्रा को सफल बनाने में विवेक मिश्रा, पंकज दत्त, राजकिशोर कश्यप, प्रसून सिंह, अमित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!