The Voice of Bareilly since 2010

कांवड़ियों के शिविर में माता रानी का जागरण, पशुधन मंत्री और डीएम ने किया शुभारंभ

bareillylive@bareillynews:धार्मिक झांकियों और भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल, कांवड़ियों के लिए प्रशासन ने की सुरक्षा व ठहरने की व्यवस्था

भमोरा, बरेली। बरेली-बदायूं हाईवे पर जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ियों के स्वागत, सुरक्षा और ठहरने के लिए लगाए गए शिविर में रविवार को माता रानी के जागरण का आयोजन किया गया। प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह और जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जागरण का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए मौजूद रहे।

जागरण कार्यक्रम में बरेली की तरुण एंड जागरण पार्टी के कलाकारों ने मनमोहक धार्मिक झांकियों के साथ भजन और भक्ति गीत प्रस्तुत किए। भगवान शिव और माता रानी से जुड़ी आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भजनों की प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे नजर आए और जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा को लेकर हाईवे पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। शिविर में कांवड़ियों के ठहरने, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी भी की जा रही है, ताकि कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

कार्यक्रम में एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह, एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख वेदप्रकाश यादव, ग्राम प्रधान भगवान दास गौरव, रामनिवास राजपूत, विशाल दीक्षित और विनोद लोधी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। जागरण के दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी का आशीर्वाद लिया और सुख-समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!