The Voice of Bareilly since 2010

कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किया भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ

भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ

bareillylive@bareillynews:बरेली। भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत मंगलवार को 125 कैंट विधानसभा क्षेत्र के कालीबाड़ी मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रध्वज फहराकर एवं तिरंगा यात्रा को रवाना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ श्यामगंज से मां काली देवी मंदिर, कालीबाड़ी से हुआ। इसके बाद तिरंगा यात्रा बरेली कॉलेज चौराहे से होते हुए पटेल चौक पहुंची। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और देशभक्ति के वातावरण में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।

पटेल चौक पहुंचने के बाद कैंट विधायक संजीव अग्रवाल एवं भाजपा पदाधिकारियों ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने का संकल्प भी लिया गया। इसके बाद तिरंगा यात्रा का विधिवत समापन हुआ।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के महानगर पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी, कालीबाड़ी मंडल अध्यक्ष एवं पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करने का अभियान है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर देशभर में चल रहे इस अभियान से नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को नई ऊर्जा मिल रही है।

विधायक ने तिरंगा यात्रा को सफल एवं भव्य बनाने में योगदान देने वाले भारतीय जनता पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ऐसे राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों को मजबूती मिलती है।

कार्यक्रम का समापन “जय हिंद, जय भारत, वंदे मातरम्” के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!