The Voice of Bareilly since 2010

पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर 12 अगस्त को देशभर में प्रदर्शन

देशभर में बैंक कर्मचारी करेंगे प्रदर्शन 12 अगस्त

bareillylive@bareillynews:यूएफबीयू के आह्वान पर बैंक कर्मचारी और अधिकारी कार्यसमाप्ति के बाद करेंगे विरोध-प्रदर्शन, बरेली में केनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय पर जुटेंगे कर्मचारी

बरेली। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) के आह्वान पर 12 अगस्त को देशभर में बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी कार्यसमाप्ति के बाद विरोध-प्रदर्शन करेंगे। इसी क्रम में बरेली में केनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, पासपोर्ट कार्यालय के पास शाम 5:30 बजे विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर स्टेट बैंक के प्रशासनिक कार्यालय स्थित संगठन कार्यालय में यूएफबीयू की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न बैंकों के संगठन पदाधिकारियों ने भाग लिया। पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से एकजुट होकर प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया।

यूएफबीयू बरेली के जिला संयोजक नवीन्द्र कुमार ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग पिछले दो वर्षों से अधिक समय से लंबित है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में बैंकिंग संगठनों और प्रबंधन स्तर पर सहमति भी बन चुकी है, इसके बावजूद मांग पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

यूएफबीयू बरेली के अध्यक्ष पीके माहेश्वरी ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिलेगा तथा इससे उनकी कार्यक्षमता और उत्पादकता में भी वृद्धि होगी।

यूएफबीयू के उपाध्यक्ष संतोष तिवारी ने बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों से 12 अगस्त को आयोजित प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। वहीं बरेली ट्रेड यूनियन के जिला मंत्री संजीव मेहरोत्रा ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से विशेष रूप से महिला कर्मचारियों को अपने पारिवारिक दायित्वों के निर्वहन के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।

बैठक में विकास कुमार, महेंद्र यादव, आशीष शुक्ला, आशीष कश्यप, मुनीश बाबू, चरण सिंह यादव, केसरी लाल, सोहन लाल, मारूफ अली और लीलाधर सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक के अंत में संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि यदि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाते हुए इसे और व्यापक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!