The Voice of Bareilly since 2010

हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा, 12 व 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा रैली

जिलाधिकारी ने हर घर तिरंगा कार्यक्रम

bareillylive@bareillynews:तहसील और विकासखंड स्तर पर भी होंगे विभिन्न कार्यक्रम, 14 अगस्त को विभाजन की विभीषिका पर विशेष आयोजन

बरेली, 11 अगस्त। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में हर घर तिरंगा अभियान-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के तहत जनपद स्तर के साथ-साथ सभी तहसीलों एवं विकासखंडों में भव्य तिरंगा यात्राएं, विभिन्न प्रतियोगिताएं, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान, सेल्फी प्वाइंट, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा कैंडिल मार्च सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तिरंगा यात्राओं को भव्य स्वरूप प्रदान किया जाए और इनमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही तिरंगा यात्राओं का शॉर्ट वीडियो तैयार कराकर उसमें तहसील एवं विकासखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों को भी शामिल करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान में आशा कार्यकत्रियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं, पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों सहित अन्य कार्मिकों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाए, जिससे अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

12 अगस्त को निकलेगी तिरंगा स्कूटी-बाइक रैली

हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक के नेतृत्व में 12 अगस्त 2026 को प्रातः 9:00 बजे तिरंगा स्कूटी/बाइक रैली आयोजित की जाएगी। रैली बिशप मंडल इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में समाप्त होगी।

इसी क्रम में 13 अगस्त को प्रातः 9:00 बजे वृहद तिरंगा रैली/पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह रैली गांधी उद्यान से प्रारंभ होकर आयुक्त कार्यालय पर समाप्त होगी।

13 अगस्त को विकास भवन से कलेक्ट्रेट तक तिरंगा यात्रा

पंचायती राज विभाग, ग्राम्य विकास विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा 13 अगस्त को शाम 4:00 बजे पैदल तिरंगा रैली निकाली जाएगी। यह रैली विकास भवन परिसर से प्रारंभ होकर गांधी उद्यान, चौकी चौराहा एवं जिलाधिकारी आवास के सामने से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में समाप्त होगी।

14 अगस्त को विभाजन की विभीषिका पर होगा कार्यक्रम

बैठक में बताया गया कि 14 अगस्त 2026 को विभाजन की विभीषिका पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए जीआईसी ऑडिटोरियम में कार्यक्रम प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम की तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण करते रहें और वहां विद्यार्थियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की भी जांच करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान, डीसी मनरेगा, अपर नगर आयुक्त, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!