The Voice of Bareilly since 2010

कांवड़ जत्थे को कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किया रवाना, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा बरेली जंक्शन

bareillylive@bareillynews:शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर किया स्वागत, भगवा टी-शर्ट और पटका पहनाकर किया सम्मान

बरेली। श्रावण मास में शिवभक्ति का रंग बुधवार को बरेली जंक्शन पर देखने को मिला। ‘जय श्री महाकाल बेड़ा संघ’, सीबीगंज के 95 शिवभक्तों के कांवड़ जत्थे को कैंट विधायक एवं प्रदेश सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने बरेली जंक्शन से मध्य प्रदेश के खंडवा के लिए रवाना किया। जत्थे के रवाना होने के दौरान स्टेशन परिसर ‘जय श्री महाकाल’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा।

कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए पहुंचे विधायक संजीव अग्रवाल ने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कांवड़ियों को भगवा टी-शर्ट और पटका पहनाकर सम्मानित किया। लंबी पैदल यात्रा को ध्यान में रखते हुए विधायक की ओर से शिवभक्तों को फलाहार भी उपलब्ध कराया गया।

इस अवसर पर संजीव अग्रवाल ने कहा कि श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना और कांवड़ यात्रा सनातन संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है। कांवड़ यात्रा आस्था, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। शिवभक्तों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। उन्होंने बाबा महाकाल से सभी कांवड़ियों की यात्रा मंगलमय होने तथा क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

ओंकारेश्वर से महाकाल तक पैदल यात्रा

बेड़ा संघ के अमरीश कठेरिया ने बताया कि जय श्री महाकाल बेड़ा संघ, सीबीगंज की ओर से इस वर्ष 95 कांवड़ियों का जत्था यात्रा पर निकला है। यात्रा 12 अगस्त से शुरू होकर 20 अगस्त तक चलेगी। शिवभक्त बरेली जंक्शन से ट्रेन के माध्यम से मध्य प्रदेश के खंडवा जिले पहुंचेंगे। इसके बाद ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर से उज्जैन स्थित महाकाल ज्योतिर्लिंग मंदिर तक पैदल कांवड़ यात्रा करेंगे।

यात्रा में अमरीश कठेरिया, महेंद्र मौर्य, राजू कश्यप, मनोज सक्सेना, पप्पू गुप्ता, प्रदीप कश्यप, सोनू बाबू, सर्वजीत सिंह, पंडित अशोक, पोट्टीराम, ज्ञानपाल सिंह, नवल किशोर, सुनील शंखधार, बिरजू यादव, सोवरन सिंह, मेवाराम, मंजीत सिंह, मुकेश श्रीवास्तव, चंदन साहू, राकेश कुमार, रामबाबू, अमित कुमार, राजीव कुमार, पराग गुप्ता सहित अन्य शिवभक्त शामिल हैं।

‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री महाकाल’ के जयकारों के बीच कांवड़ जत्थे को बरेली जंक्शन से विदाई दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!