bareillylive@bareillynews:बरेली, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों के साथ राष्ट्रगान गाया गया। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिवार की ओर से सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस गौरव और उल्लास का पर्व होने के साथ-साथ उन स्वतंत्रता सेनानियों, बलिदानियों और राष्ट्रभक्तों को श्रद्धांजलि देने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि देश की शक्ति युवा और बच्चे हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। भारत तेजी से आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है और सूर्य से लेकर सैटेलाइट तक निर्माण की क्षमता विकसित कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी की भावनाएं आहत हों। भाषावाद, क्षेत्रवाद और जातिवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद को अपनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है और प्रत्येक कार्य से पहले देशहित को ध्यान में रखना चाहिए।
जिलाधिकारी ने भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने बुजुर्ग माता-पिता की उपेक्षा की बढ़ती घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करना सिखाती है। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति, सभ्यता और मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि देश के 150 करोड़ नागरिकों की जिम्मेदारी है कि प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि “राष्ट्रवाद से बड़ा कोई वाद नहीं है” और प्रत्येक नागरिक को देश की मान-मर्यादा की रक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए।
स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों का सम्मान
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित अनिल साहनी, प्रीति अरोड़ा, राशि आनंद, नवाब लियाकत अली, मुस्तफा अली खान, शगुफ्ता खान, अजय भारत, मिथलेश ठाकुर, डॉ. जानसन सरन, शालिनी सक्सेना, असद मसूद, किरन आजाद, उर्मिला असद, विमल जौहरी, जयपाल एवं शालिनी मिश्रा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने अंकिता जौहरी, सौम्या कसौधन, इशिका कश्यप, मानवी, कामिनी, जैशी, जुबिया, नव्या रस्तोगी और यशिका अग्रवाल सहित शिक्षिकाओं श्रुति प्रज्ञानन एवं श्राबोनी भट्टाचार्य तथा कर्मचारी देवेन्द्र कुमार को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा एसआई अभियोजन ओमपाल सिंह, मुख्य आरक्षी अमित कुमार एवं कुसुम तथा होमगार्ड संदीप मिश्रा एवं धीरेन्द्र पाल सिंह को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित रहे।






Leave a Reply