bareillylive@bareillynews:कांग्रेस नेताओं ने कहा- पंचायती राज, दूरसंचार और युवाओं को मतदान का अधिकार दिलाने में राजीव गांधी की अहम भूमिका
बरेली। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विचार गोष्ठी आयोजित कर उनके योगदान और विचारों को याद किया गया। वहीं, आईएमए ब्लड बैंक, रामपुर बाग में रक्तदान शिविर लगाकर कार्यकर्ताओं ने सेवा का संदेश दिया।
धर्म कांटा स्थित पिछड़ा वर्ग कार्यालय में आयोजित विचार गोष्ठी की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट ने की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश के विकास और आधुनिकीकरण की मजबूत नींव रखी। पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने, दूरसंचार क्षेत्र में बदलाव लाने और युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने जैसे महत्वपूर्ण फैसलों में उनकी अहम भूमिका रही।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
आधुनिक भारत का सपना देखा
पूर्व विधायक छोटेलाल गंगवार ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक और विकसित भारत का सपना देखते थे। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए।
रक्तदान कर दिया सेवा का संदेश
जयंती के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आईएमए ब्लड बैंक, रामपुर बाग में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
महानगर कांग्रेस के उपाध्यक्ष डॉ. हरीश कुमार गंगवार, महामंत्री जीशान अफरीदी, महामंत्री रेहान बशीरी समेत कई कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। इस मौके पर दिनेश दद्दा ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने जैसा पुनीत कार्य है। इससे समाज में सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश जाता है।
कार्यक्रम में सफदर अली, देवेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, एमके घोष, शहीद खान, प्रवीण मिश्रा, सुरेश दिवाकर, अनिल देव शर्मा, अकरम खान, सादिक अंसारी, उल्फत सिंह कठेरिया, मास्टर महेंद्र पाल, रमेश चंद श्रीवास्तव, प्रेम शंकर आनंद, शिव गोपाल उपाध्याय, हरदेव दिवाकर, नरेंद्र यादव, धर्मेंद्र दिवाकर और जय प्रकाश समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






Leave a Reply