जिलाधिकारी ने बैठक में दिए निर्देश, अनियमित भंडारण मिलने पर होगी कार्रवाई
bareillylive@बरेलीन्यूज: बरेली। चीनी के बढ़ते दामों और जिले में इसकी उपलब्धता को लेकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में थोक विक्रेताओं और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि कोई भी थोक विक्रेता शासन और भारत सरकार के निर्धारित मानकों के विपरीत 400 मीट्रिक टन से अधिक चीनी का भंडारण नहीं करेगा। जांच में स्टॉक सीमा का उल्लंघन या पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने थोक विक्रेताओं से चीनी के स्टॉक में कमी और दाम बढ़ने के कारणों की जानकारी ली। विक्रेताओं ने बताया कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के चलते शहर में वाहनों के आवागमन में कुछ दिक्कत हो रही है। इसके कारण चीनी से लदे वाहन कई बार समय से दुकानों और गोदामों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं, रसोई गैस और ईंधन के टैंकरों की आपूर्ति सुचारु रूप से हो रही है। ऐसे में चीनी से लदे वाहनों की आवाजाही में भी अनावश्यक बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए।
मांग से अधिक चीनी देने पर भी रोक
जिलाधिकारी ने थोक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि मौजूदा परिस्थितियों में नियमित व्यापारियों को उनकी सामान्य मांग से अधिक चीनी की आपूर्ति न की जाए। प्रत्येक व्यापारी को कितनी मात्रा में चीनी दी गई, इसका पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होगा। इससे स्टॉक और बिक्री की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
बैठक में थोक विक्रेताओं ने बताया कि जिले में चीनी की कोई कमी नहीं है। चीनी के थोक और खुदरा मूल्य की भी जानकारी जिलाधिकारी को दी गई।
फरीदपुर चीनी मिल में 56,330 कुंतल स्टॉक
फरीदपुर चीनी मिल के महाप्रबंधक ने बताया कि 21 अगस्त को मिल के स्टॉक में 56,330 कुंतल चीनी उपलब्ध थी। इसी दिन उपलब्ध स्टॉक में से 800 कुंतल चीनी की थोक बिक्री व्यापारियों को 6,000 रुपये प्रति कुंतल की दर से की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चीनी की उपलब्धता, कीमत और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जाए। कहीं भी कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमित भंडारण की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह, सहायक चीनी आयुक्त नेहा त्रिवेदी, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह, जिला गन्ना अधिकारी डीके सैन, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अतुल वशिष्ठ समेत क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, विपणन निरीक्षक और चीनी के थोक विक्रेता मौजूद रहे।






Leave a Reply