The Voice of Bareilly since 2010

मुख्यमंत्री हैं या मुख्य ढोंगी? जानिये गौतम गंभीर ने किसके लिए कही यह बात

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही आप सुप्रीमो व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भाजपा के हमले तेज और तीखे होते जा रहे हैं। कपिल मिश्रा, सांसद प्रवेश वर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद अब क्रिकेटर से नेता बने सांसद गौतम गंभीर ने भी अपने “बयान की बंदूक” केजरीवाल की तरफ घुमा दी। सलामी बल्लेबाज रहे गंभीर ने ट्विटर पर “गोलंदाजी” करते हुए केजरीवाल के लिए कहा- मुख्यमंत्री हैं या मुख्य ढोंगी? गंभीर का बयान उस खुलासे के बाद आया है जिसमें दिल्ली पुलिस ने कहा था कि शाहीन बाग में फायरिंग करने वाला कपिल गुज्जर आम आदमी पार्टी (आप) का सदस्य है। 

गौतम गंभीर ने मंगलवार को ट्वीट किया, “कमाल का मुख्यमंत्री है ये.. अन्ना हज़ारे को झूठ बोला.. फिर अपने यारों को झूठ बोला…सारी सरकारों को झूठ बोला…और फिर दिल्ली के हज़ारों को झूठ बोला !! मुख्यमंत्री या मुख्य ढोंगी??” गंभीर इतने पर ही नहीं रुके बल्कि एक और ट्वीट किया, “आप का संदेश- बहला दो… या दहला दो… पर सत्ता हथिया लो… मैं दिल्ली के युवाओं से अपील करता हूं कि 8 फ़रवरी को अब सिर्फ़ दिल्ली का चुनाव नहीं भविष्य बचाने की लड़ाई है। ये लड़ाई हम मिलकर लड़ेंगे और ‘दिल्ली को दिल्ली’ बनाएंगे। जय हिंद।” 

गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए आगामी 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। मतगणना 11 फरवरी को होगी।

error: Content is protected !!