Bareillylive : चंद नगर धार्मिक समिति, पुराना शहर, बरेली की ओर se श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित 137वीं श्री कृष्ण की दधिकांदों शोभायात्रा इस बार 5 सितंबर 2026 को निकलेगी। जन्माष्टमी 4 सितंबर को होने के कारण शोभायात्रा अगले दिन आयोजित की जा रही है। तैयारी जोरों-शोरों से जारी है और सीताराम मंदिर को भव्य रूप से सजाने का काम चालू है।
समिति के उपाध्यक्ष व प्रवक्ता दिनेश दददा, एडवोकेट ने बताया कि सीताराम मंदिर के आसपास की सड़कों को कागज की बेलों, रंग-बिरंगे झालरों और विशेष बिजली सज्जा से सजाने के लिए आदेश दे दिए गए हैं।
शोभायात्रा के मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम और बिजली विभाग को आवश्यक पत्र सौंपे जा चुके हैं। साथ ही मार्ग की साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गए हैं।
दिनेश दददा ने कहा कि प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों और अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण पत्र दिए गए हैं। उन्होंने जिन अधिकारियों को निमंत्रण दिया उनमें जिला अधिकारी बरेली, अपर जिला अधिकारी नगर बरेली, नगर आयुक्त, नगर निगम बरेली, नगर मजिस्ट्रेट एवं अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम बरेली शामिल हैं। इन अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण स्वीकार कर शोभायात्रा में भाग लेने व इसे सफल बनाने में सहयोग देने की स्वीकृति दी है।
समिति की तैयारियों में महामंत्री सोमपाल प्रजापति, शोभा यात्रा संयोजक सुरेश दिवाकर व कोषाध्यक्ष पंकज राज वर्मा सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। समिति ने स्थानीय समुदाय से भी सहयोग की अपील की है ताकि शोभायात्रा शिष्टाचार और सौहार्द्र के साथ सुरक्षित रूप से सम्पन्न हो सके। आयोजन समिति ने आमजन से समय पर पहुँचने और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध भी किया है।






Leave a Reply