The Voice of Bareilly since 2010

मुकेश की पुण्यतिथि पर संगीत की सजी महफ़िल, डॉ. प्रमिला शर्मा की प्रस्तुति ने मोह लिया मन

मुकेश की पुण्यतिथि पर संगीत की सजी महफ़िल

Bareillylive: मानव सेवा क्लब ने महानगर कालोनी में शनिवार को मशहूर गायक मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि पर उनके गीतों से श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुकेश की तस्वीर पर माल्यार्पण से की गई, जिसे कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. राजेन्द्र भारती ने किया। मंच का संचालन क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने संभाला। कार्यक्रम में प्रशांत सक्सेना और कमल भारती सहित कई पदाधिकारी और श्रोतागण मौजूद रहे।

समारोह में विभिन्न गायकों ने मुकेश के बेहद लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। डॉ. प्रमिला शर्मा ने “मैंने तेरे लिए ही सात रंग के सपने चुने” गीत प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने प्रशंसा की। इन्द्र देव त्रिवेदी ने “चंदन सा बदन” मधुर अंदाज में गाकर वातावरण को भावुक बना दिया। मुकेश सक्सेना की प्रस्तुति “तौबा यह मतवाली चाल” ने दर्शकों से खूब तालियाँ बटोरी। हेमंत शर्मा ने “ये मेरा दीवानापन है” पर समां बँधा तो प्रकाश चंद्र सक्सेना ने “जीना यहां मरना यहां इसके सिवा जाना कहाँ” से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने “जो तुमको हो पसंद वही बात करेंगे” गाकर सबका मन जीत लिया। प्रो. एस. के. शर्मा ने “ओ महबूबा ओ महबूबा” की प्रस्तुति दी, जबकि शोभा सक्सेना ने “सजन रे झूठ मत बोलो” और अरुणा सिन्हा ने “इक दिन बिक जाएगा माटी के मोल” गाकर कार्यक्रम को संवेदनशीलता से भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान संगीत और पुरानी यादों का संगम देखने को मिला। आयोजकों ने मुकेश के गीतों के माध्यम से उनकी अद्वितीय आवाज और भावनात्मक अभिव्यक्ति को याद किया। कार्यक्रम के अंत में प्रो. एस. के. शर्मा को सर्वश्रेष्ठ गायक का सम्मान देकर उनकी प्रस्तुति की सराहना की गई। आयोजन में उपस्थित अतिथियों ने आयोजकों की प्रशंसा की और ऐसे स्मरणीय कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!