bareillylive@bareillynews:बरेली। एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में 12 और 13 सितंबर को दो दिवसीय कोलोप्रोक्टोलॉजी कांफ्रेंस एवं ट्रेनिंग वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा। एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (एएसआई) के बरेली चैप्टर के सहयोग से होने वाले इस आयोजन में देशभर के करीब 40 विशेषज्ञ सर्जन शामिल होंगे।
कांफ्रेंस में गुदा और बड़ी आंत से संबंधित विभिन्न रोगों के अत्याधुनिक उपचार और सर्जरी की तकनीकों पर विशेषज्ञ जानकारी साझा करेंगे। वर्कशॉप के दौरान पाइल्स, फिशर, फिस्टुला और पाइलोनाइडल साइनस के लेजर उपचार की तकनीक का चिकित्सकों और पीजी विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आयोजन के दौरान करीब 20 मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन भी किया जाएगा। इन ऑपरेशनों का लाइव प्रसारण ऑडिटोरियम और कांफ्रेंस हॉल में किया जाएगा। इससे चिकित्सकों और पीजी विद्यार्थियों को ऑपरेशन की आधुनिक तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से समझने और सीखने का अवसर मिलेगा।
कांफ्रेंस में चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए वरिष्ठ सर्जन डॉ. आईएस तोमर को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, वरिष्ठ आयुर्वेदिक शल्य चिकित्सक डॉ. लालता प्रसाद को भी सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, कांफ्रेंस में अब तक 275 से अधिक डेलीगेट्स और पीजी विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। आयोजन को लेकर चिकित्सकों और मेडिकल विद्यार्थियों में उत्साह है।
इस संबंध में एएसआई के बरेली चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. कौशल कुमार और सेक्रेटरी डॉ. सुजॉय मुखर्जी समेत अन्य चिकित्सक भी मौजूद रहे।






Leave a Reply