The Voice of Bareilly since 2010

नौकरी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल

नौकरी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म

bareillylive@bareillynews:लखनऊ में नौकरी लगवाने का दिया था भरोसा, फार्म हाउस ले जाकर दुष्कर्म का आरोप; सहोड़ा तिराहे से पुलिस ने दबोचा

शीशगढ़। लखनऊ में नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवती को फार्म हाउस ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले में वांछित आरोपी को शीशगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी की पहचान थाना क्षेत्र के ग्राम लखीमपुर निवासी हेमंत गंगवार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई थानों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, युवती ने थाने में दी तहरीर में बताया था कि हेमंत उसके रिश्ते में चाचा के दोस्त हैं और उसका घर पर आना-जाना था। आरोप है कि हेमंत ने उसे लखनऊ में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। 8 सितंबर की शाम युवती का भाई उसे हेमंत के लखीमपुर गांव के बाहर स्थित फार्म हाउस पर छोड़कर चला गया।

युवती का आरोप है कि इसके बाद हेमंत उसे बाइक से इज्जतनगर रेलवे स्टेशन ले गया। ट्रेन न होने की बात कहकर वह उसे वापस फार्म हाउस ले आया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन सुबह आरोपी उसे बाइक से इज्जतनगर रेलवे स्टेशन ले गया। युवती ने ट्रेन में टीटी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद जीआरपी को बुलाया गया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया।

मामले में शीशगढ़ थाने में आरोपी हेमंत गंगवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी।

सहोड़ा तिराहे से गिरफ्तारी

बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित हेमंत गंगवार सहोड़ा तिराहे के पास सड़क किनारे खड़ा है और कहीं भागने के लिए सवारी का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सुबह करीब 8:05 बजे आरोपी को सहोड़ा तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 420 रुपये बरामद हुए। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। शीशगढ़ थाने में एससी/एसटी एक्ट और चोरी के मामले, जबकि खजुरिया और सिविल लाइंस (रामपुर) थानों में धोखाधड़ी व अमानत में खयानत के मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इसके अलावा शाही थाने में विभिन्न धाराओं में तथा आदमपुर (अमरोहा) थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल मनीष कुमार और कांस्टेबल जीतू कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!